ऊना में अंधड़ ने मचाई तबाही

ऊना/संतोषगढ़/गगरेट। जिले में शुक्रवार मध्य रात्रि चली तेज आंधी ने खूब कोहराम मचाया। तेज आंधी के साथ भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में सड़कों पर पेड़ उखड़कर गिर गए। कई जगहों पर विद्युत लाइनों को भी क्षति पहुंची है। कहीं पूरी रात बिजली ठप रही। इससे लोगों को भयंकर गर्मी में पूरी रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी। तेज आंधी के कारण जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
संतोषगढ़ बस अड्डे में कई दुकानों के बाहर लगे बोर्ड भी तेज हवा में उड़ गए। ऊना बस अड्डे के समीप बाजार में भी ऐसे ही हालात थे। बिजली बंद होने से कई लोग रात को गर्मी से बचने के लिए सड़कों पर ही घूमते रहे। शुक्रवार रात लगभग तीन बजे शुरू हुई तेज आंधी से गगरेट-ऊना मार्ग, ऊना-संतोषगढ़ मार्ग सहित कई दूसरे संपर्क मार्गों पर पेड़ गिरने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी के कारण यातायात, बिजली एवं दूसरी सेवाएं भी बुरी तरह से चरमरा गईं। गगरेट में कई पशुशालाओं की छतें भी उड़ गईं। अंधड़ के कारण कई जगहों पर बिजली के तार भी टूट गए। इस कारण कई गांवों में ग्रामीणों को पूरी रात बिजली के बिना ही गुजारनी पड़ी। गगरेट वासियों में अजय शर्मा, कमल, संजीव ठाकुर, रमन शर्मा, राहुल कुमार और विनय ने कहा कि रात को अंधड़ ने जिला में कोहराम मचाया है। ऊना शहर और कोटला कलां इलाके से नीरज, अभिनव, राम कुमार, विजेंद्र, अरुण, कपिल, कुलविंद्र, राजीव आदि ने कहा कि रात को विद्युत आपूर्ति ठप हो जाने से लोग गर्मी से राहत पाने के लिए सड़कों पर ही घूमते रहे। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि जिले में अंधड़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।

कोट्स
तूफान से बिजली की तारों एवं खंभों को नुकसान हुआ है। शनिवार दोपहर तक विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
-एमएल लट्ठ, एसडीओ, गगरेट विद्युत बोर्ड

Related posts