उत्पीड़न की शिकायत पर जांच के आदेश

बा। स्थानीय उपमंडल अधिकारी कार्यालय चंबा में कार्यरत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने अपने ही कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक पर अभद्र व्यवहार, मानसिक उत्पीड़न और गलत हरकतें करने का आरोप लगाया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने वीरवार को इस संबंध में उपायुक्त संदीप कदम को एक लिखित शिकायत सौंपी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उपमंडल कार्यालय में तैनात इस महिला कर्मी ने उपायुक्त को सौंपे शिकायत पत्र में लिखा है कि वह एक विधवा औरत है और वर्ष 1992-93 से पूरी ईमानदारी के साथ सेवाएं दे रही है। महिला ने उपायुक्त को बताया कि वरिष्ठ सहायक उसके साथ अभद्र व्यवहार करके मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। इसके चलते वह परेशान हो गई हैं। महिला कर्मचारी ने धमकियां देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही बताया कि आरोपी अपने आप को बड़ी पहुंच वाला बताता है और दूरदराज क्षेत्र में तबादला कराने की धमकियां देता है व कई प्रकार की गलत हरकतें भी करता रहता है। इसके चलते कार्यालय में नौकरी करना मुश्किल हो गया है। महिला कर्मचारी ने उपायुक्त से मांग की है कि उसे उसके सीनियर के उत्पीड़न से निजात दिलाई जाए। महिला ने शिकायत पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश महिला आयोग, उपमंडल अधिकारी चंबा, प्रदेश मानवाधिकारी को भी प्रेषित की है।

उधर, इस संदर्भ में उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि मामले की जांच उत्पीड़न जांच समिति को सौंपी गई है। समिति को आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।

Related posts