ई-राशनकार्ड के लिए अभी करना पड़ेगा इंतजार

चंबा(गीता) भले ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कुछ दिन पूर्व 45 दिन के भीतर उपभोक्ताआें को फोटोयुक्त राशनकार्ड उपलब्ध करवाने का दावा किया था, लेकिन इस अवधि के भीतर लोगों के राशनकार्ड नहीं बन पाएंगे। फोटोयुक्त राशनकार्ड के लिए अभी उपभोक्ताओं को और इंतजार करना पड़ेगा। लोकसभा चुनावों के चलते आचार संहिता लगने से ई-राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया लटक गई है। अब मई माह के बाद ही दोबारा राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। आचार संहिता के चलते चुनाव आयोग ने राशनकार्ड पर मंत्रियों की फोटो लगाने पर रोक लगा दी है। इस कारण राशनकार्ड बनाने का काम रोक दिया गया है। जिला चंबा के लगभग एक लाख 15 हजार राशनकार्ड धारकों के नए राशनकार्ड बनाए जाने हैं। इन उपभोक्ताओं ने ई राशनकार्ड के लिए आवेदन कर दिया है। हालांकि मार्च माह में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने आधारयुक्त राशनकार्ड बनाने की प्रक्रि या शुरू कर दी थी व 45 दिन के भीतर ई राशनकार्ड उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाने का दावा किया था। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक मोहन सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार ई-राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया रोक दी गई है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के बाद दोबारा राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी व लोगों को ई-राशनकार्ड उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।

Related posts