इलाज के दौरान भाजयुमो नेता के पुत्र की मौत, हंगामा

बागेश्वर। कमर और पेट दर्द से परेशान जिला अस्पताल में भर्ती भाजयुमो नेता के पुत्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे भड़के परिजनों ने डॉक्टर और कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए रातभर हंगामा काटा। बाद में कोतवाली में तहरीर दी गई।
खांकर निवासी भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष हरीश नेगी ने अपने 14 वर्षीय पुत्र महेश नेगी को बुधवार की सुबह कमर और पेट दर्द होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शाम के वक्त उसकी तबियत और बिगड़ गई। हरीश नेगी के अनुसार नर्स ने उसे इंजेक्शन लगाया। इसके 15 मिनट बाद ही शरीर में दाने निकलने लगे और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। भाजयुमो नेता के पुत्र की मौत की खबर सुनकर खांकर के ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुुंच गए। देर रात तक हंगामा होता रहा। ग्रामीणों ने डॉक्टर और कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। मामला बढ़ने पर विधायक चंदनराम दास, पूर्व विधायक शेरसिंह गड़िया, एसडीएम फींचाराम चौहान, सीओ धनीराम और कोतवाल एसएस कुशवाहा भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने एसडीएम का घेराव किया। अधिकारियाें ने लोगों को समझाकर शांत किया। बृहस्पतिवार को हरीश नेगी ने डॉक्टर और कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। एसडीएम फींचाराम चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। बिसरा परीक्षण के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। किशोर के इलाज में प्रयुक्त दवा, इंजेक्शन आदि कब्जे में ले लिए गए हैं। कोतवाल एसएस कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई होगी। महेश नेगी नवीं कक्षा में पढ़ता था। इस अवसर पर ग्राम प्रधान आनंद जोशी, त्रिभुवन नेगी, किशन नेगी, बलवंत सिंह, नरेंद्र कार्की, प्रताप सिंह, दीपक खेतवाल आदि मौजूद थे।
————
-बृहस्पतिवार की सुबह मैंने महेश का इलाज शुरू किया और इंजेक्शन लगाए। छाती में दाग होने की आशंका के चलते उसका बलगम परीक्षण को भेजा गया। उस वक्त महेश की हालत सुधर गई थी। शाम को फिर वही इंजेक्शन दिए गए। जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा। – डा. जितेेंद्र भट्ट, प्रभारी अधीक्षक, जिला अस्पताल बागेश्वर।

Related posts