
हमीरपुर। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग में लड़के एवं लड़कियों को 3000 मीटर तथा 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग में 5000 मीटर की दौड़ों का आयोजन सिथेंटिक ट्रैक अणु में किया गया। प्रतियोगिता में जिला के विभिन्न क्षेत्रों से 225 धावकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में लोनिवि के अधिशासी अभियंता नरेन्द्रपाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस मौके पर नरेन्द्र पाल ने धावकोें को संबोधित करते हुए कहा कि पहाड़ी प्रदेश होने के कारण बच्चों में लंबे समय तक दौड़ने की क्षमता अधिक है। इसके लिए उन्हें निरंतर दौड़ अभ्यास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि धावक अपने कठिन अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मंच पर पहुंच कर अपनी पहचान बना सकता है। सुमन रावत मेहता ने प्रशिक्षकों के देखरेख में लंबी दौड़ पर निरंतर कठिन अभ्यास किया और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक प्रदेश का नाम रोशन कर अर्जुन अवार्ड विजेता बनी। बाद में उन्होंने विजेताओं को नगर पुरस्कार राशि से सम्मानित किया।
3000 मीटर की दौड़ में लड़कों के वर्ग में आयुष शर्मा राजकीय पाठशाला लम्बलू प्रथम, राहुल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कक्डि़यार द्वितीय और रवि कुमार वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घोड़ी धबीरी तृतीय स्थान पर रहा है। लड़कियों के वर्ग में सुमन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घोड़ी धबीरी प्रथम तथा अनु द्वितीय और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी की गायत्री तृतीय स्थान पर रही है। 5000 मीटर की दौड़ में लड़कों के वर्ग में दीपक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चबूतरा प्रथम, पुनीत वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोहणी द्वितीय तथा गुलशन कुमार रावमापा कक्डि़यार तृतीय, लड़कियों के वर्ग में नेहा राजकीय डिग्री कॉलेज अणु प्रथम, अंबिका शर्मा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घोड़ी धबीरी द्वितीय और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कक्डि़यार की सुजाता तृतीय स्थान पर रही है। जिला स्तर प्रतियोगिता से चयनित 12 खिलाड़ी 29 दिसंबर को मंडी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
