आधा दर्जन से ज्यादा लोगों पर केस

बरमाणा (बिलासपुर)। कोल बांध परियोजना के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों की अब दिक्कतें बढ़ सकती है। कार्य में रुकावट डालने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। तकरीबन आधा दर्जन हड़तालियों पर इसकी गाज गिरी है। एसपी अनुपम शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
कोल बांध प्रोजेक्ट से विस्थापित हुए विभिन्न गांवों के लोग अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। मंगलवार को हड़ताल सातवें दिन में प्रवेश कर गई है। प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परियोजना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। लेकिन, इससे पहले ही कार्य में रुकावट डालने पर मामला दर्ज किया गया है। बरमाणा थाने में दर्ज मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की 341, 143 आईपीसी धारा लगाई है। पुलिस के अनुसार हड़ताल के दौरान परियोजना का कार्य रोका जा रहा था। उधर, विस्थापितों ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है। विस्थापितों के अनुसार उनके आंदोलन को दबाने का प्रशासन प्रयास कर रहा है। संघर्ष रुकने वाला नहीं। मांगों को लेकर वह शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि एनटीपीसी के अपर महाप्रबंधक राजीव पूरी ने भी इसी तरह की शिकायत दर्ज की है। उनकी भी गाड़ी रोकी गई थी। जिसके तहत इन्हीं धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Related posts