आत्मरक्षा के लिए निपुण रहें किशोरियां : डीएसपी

रोहड़ू। डीएसपी राज कुमार चंदेल ने कहा कि आत्मरक्षा के लिए किशोरियों को निपुण होने की जरूरत है। सामज के निर्माण में महिला का विशेष योगदान रहता है। शनिवार को पुलिस थाना रोहड़ू में किशोरी शक्ति योजना के तहत छात्राओं को जागरूक करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया।
किशोरी शक्ति योजना के तहत आयोजित शिविर में डीएसपी राज कुमार चंदेल के छात्राओं को बताया कि महिला का घरेलू हिंसा और समाज में फैल रहे नशे को रोकने के लिए विशेष सहयोग रहता है। इस दौरान उन्होंने बताया कि छात्राएं आपराध को रोकने के लिए पुलिस में सूचना दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश सूचनाएं देने वाले का नाम पुलिस गोपनीय रखती है। इस दौरान एसएचओ अमर सिंह ने छात्रों को पुलिस कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं को यदि कोई मानसिक तौर पर परेशान कर रहा है तो सूचना के बाद पुलिस उस पर तुरंत कार्रवाई करती है। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल फोन के दुरुपयोग की रोकथाम तथा इसके गुम होने पर पुलिस को उसकी सूचना देना अनिवार्य बताया। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय से रमेश कुमार ने किशोरी शक्ति योजना की छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान स्कूल शिक्षक राज कुमार शर्मा, अर्पणा शर्मा भी उपस्थित थे।

Related posts