
नाहन (सिरमौर)। थाना कालाअंब के तहत अवैध खनन पर कार्रवाई कर रहे जिला खनन विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। त्रिलोकपुर क्षेत्र के मीरपुर कोटला में हुई इस घटना पर थाना कालाअंब में खनन विभाग की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ धारा 353, 506 तथा 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की गहराई से छानबीन कर रही है। उधर, जिला मुख्यालय स्थित डीएसपी खजाना राम ने बताया कि अवैध खननकारियों से पुलिस ने एक जेसीबी कब्जे में ली है। इसके अलावा तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
उधर, घटना के बारे में जिला खनन अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि विभाग की एक टीम शिकायत मिलने पर पिछले कई दिनों से त्रिलोकपुर स्थित मीरपुर कोटला में नजर रखे हुए थी। बुधवार को कार्रवाई करने पर जब कुछ लोगों को रोका गया तो उन्होंने कार्रवाई में बाधा डालते हुए कर्मचारियों पर हमला करने का प्रयास किया। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि मौके पर एक जेसीबी तथा कुछ ट्रैक्टर मिले। उन्होंने बताया जेसीबी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। जबकि घटना की शिकायत कालाअंब थाना में दर्ज करवाई गई है। विभाग आरोपियों के खिलाफ अलग से मामला दर्ज करेगा।
