
रामनगर। सरकार की स्पेशल टास्क फोर्स के छापे में कई स्टाकों में उपखनिज की गड़बड़ी पाए जाने के बाद अब पुलिस ने भी अवैध खनन के खिलाफ ‘मोर्चा’ लेने की ठान ली है। ऐसे मार्गों में गड्ढे खुदवाए जाएंगे जिन्हें चोरी का उपखनिज ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। पीरूमदारा में एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। ताकि किसी भी अशांतिपूर्ण माहौल से निपटा जा सके।
एसएसपी डा. सदानंद ने मंगलवार को कोसी नदी में वन विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न खनन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कोतवाली में पत्रकार वार्ता में एसएसपी ने कहा कि अवैध खनन में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। स्टाकों की भी समय-समय पर संबंधित विभाग के साथ चेकिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि चोरी के कुछ रास्तों को चिन्हित किया गया है। इन पर तत्काल खाई खुदान कार्य शुरू करवाया जाएगा। पीएसी की जिस प्लाटून को पीरूमदारा में तैनात किया गया है वह 24 घंटे अवैध खनन पर नजर रखेगी।
उन्होंने कहा कि खनन माफियाओं को छापेमारी की सूचना देने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खंड़जों में शीघ्र निकासी गेट लगाने को लेकर उन्होंने वन निगम के एमडी से फोन पर वार्ता की। एसएसपी ने तेलीपुरा के पास उपखनिज से लदी ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया। रेंजर कलम सिंह बिष्ट ने बताया कि वाहन को सीज कर दिया गया है। कोसी के निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीओ बलवंत सिंह शाही, सीओ बचन सिंह राणा, कोतवाल बीएल विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
