
प्रदेश में स्थित राजाजी को नेशनल पार्क बनाने के बारे में अंतिम अधिसूचना जारी कर दी गई है। सचिवालय में स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही बोर्ड ने कार्बेट टाइगर रिजर्व के लिए कोटद्वार की ओर से अतिरिक्त पर्यटन मार्ग खोलने की भी स्वीकृति दी।
पढ़ें, जान हथेली पर रखकर जाएं हेमकुंड साहिब
इस बारे में प्रारंभिक अधिसूचना 1983 में जारी हुई थी। बोर्ड ने मसूरी वन्य जीव विहार, गोविंद वन्य जीव विहार, फूलों की घाटी, नंदा देवी का ईको सेंसिटिव प्लान तैयार कर लिया है। अन्य संरक्षित क्षेत्रों के ईको सेंसिटिव प्लान बनाने की एक्सरसाइज भी शुरू हो गई है।
सचिवालय में सीएम विजय बहुगुणा की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि ईको सेंसिटिव जोन फाइनल होने तक कार्बेट पार्क के नजदीक नए निर्माण केवल एक मंजिला भवन (ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर) तक ही बनाने की अनुमति दी जाएगी।
विस्थापन के लिए समिति बनाने का फैसला
नदियों के किनारों की सुरक्षा एवं प्रबंधन पर वैज्ञानिक अध्ययन के लिए राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति में स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड से दो सदस्य शामिल करने का निर्णय लिया गया। बैठक में तौडिया और पांड गांवों का विस्थापन कैम्पा से करने के साथ ही सुंदरखाल के विस्थापन को समिति बनाने का फैसला हुआ।
पढ़ें, टाइगर रिजर्व बनेगा राजाजी
इसके साथ ही प्रस्तावित राजाजी टाइगर रिजर्व के पास रहने वाले लोगों की भागीदारी और विकास के लिए राजाजी टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन की स्थापना का प्रस्ताव तैयार होगा।
आदमखोर तेंदुओं के चिन्हीकरण को वैज्ञानिक विधि अपनाने और वन व वन्य जीव संरक्षण के लिए उत्तराखंड में कार्यरत स्वयंसेवी संगठनों से बेहतर समन्वय के लिए उनके पंजीकरण पर जोर दिया गया।
पढ़ें, अब दान के पैसों से होगी ‘राजाजी’ की सुरक्षा
बैठक में विधायक हरीश धामी, अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा, प्रमुख सचिव (सीएम) सुखबीर सिंह संधू, प्रमुख वन सरंक्षक एसएस शर्मा, बोर्ड सदस्य बिजेंद्र सिंह, महेंद्र व्यास, प्रेरणा बिंद्रा सहित अन्य उपस्थित थे।
अंतिम अधिसूचना का प्रभाव
अब नहीं जा सकेगा नेशनल पार्क का दर्जा
पार्क सीमा में परिवर्तन राष्ट्रीय वन्य जन्तु बोर्ड ही करेगा
राजाजी पार्क के भीतर के गांव अब पृथक हो गए
पार्क के अंदरूनी रास्तों का ग्रामीण कर पाएंगे उपयोग
शमशान घाट जैसे परंपरागत और जरूरी स्थल रहेंगे बरकरार
ग्रामीणों के सभी हक-हकूक भी रहेंगे बहाल
पिनाऊगोट, रसूलपुर टौंगिया, टीरा टौंगिया वन ग्रामों बनेंगे राजस्व गांव
पार्क के भीतर लोगों की भागीदारी से ही तैयार होगी विकास योजना
