अब एक साथ 100 जगहों पर लोगों को संबोधित करेंगे मोदी

नई दिल्ली: चुनाव प्रचार में नित नई तकनीक का इस्तेमाल कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी देश में पहली बार अत्याधुनिक 3 डी होलोग्राम तकनीक से एक साथ 100 से अधिक स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि मोदी 7 अप्रैल को इस तकनीक से पहली रैली को संबोधित करेंगे। भारत विजय नाम की इन रैलियों का आयोजन शाम साढे छह से 8 बजे के बीच किया जाएगा। इस रैली को एकक साथ 100 से अधिक स्थानों पर देखा जा सकेगा। इस तरह मोदी एक साथ कई लोगों से संपर्क बनायेंगे।

इस तकनीक से प्रसारित उनकी रैली से लोगों को यह एहसास होगा कि जैसे मोदी उन्हीं के बीच रैली को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान वह इस तरह की कई रैलियों को संबोधित कर करोडों लोगों से संपर्क साधेंगे। इस तकनीक का सबसे बडा फायदा यह है कि मोदी दूर दराज के गांवों में बैठे लोगों से भी सीधा संपर्क साध सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में इस तकनीक का इतने बड़े पैमाने पर पहली बार इस्तेमाल किया जा  रहा है। मोदी के संबोधन से पहले इन जगहों पर भ्रष्टाचार मुक्त, सुशासन युक्त भारत, सबका साथ और एक भारत,जैसे नाटकों का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा जाने माने कवि भी अपनी कविताओं के माध्यम से सुशासन का संदेश देंगे।

Related posts