
चंबा। ग्रामीण डाक सेवक संघ के सदस्य मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस दौरान संघ के सदस्यों ने प्रधान सुरेंद्र शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त संदीप कदम को मांगों से संबंधी ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ग्रामीण डाक सेवकों को केंद्रीय कर्मचारियों का दर्जा दिया जाए। इसके अलावा सातवें वेतन आयोग में ग्रामीण डाक सेवकों को शामिल और 100 प्रतिशत अनुकंपा नियुक्ति जीडीएसके के मृतक परिवार को दी जाए। डाक सेवकों को 25 प्रतिशत पोस्टमैन व एमटीएस के पदों पर वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति दी जाए। इसके अलावा इन पदों पर सीधी भर्ती पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण डाक सेवकों का 50 फीसदी महंगाई भत्ता वेतन में शामिल किया जाए। इसके अलावा पार्ट टाइम कंटीजेंट कैजुअल कर्मचारियों का नियमितीकरण व 1-1-2006 से इनके वेतन का पुनर्निर्धारण डीए के साथ किया जाए। संघ के सचिव कमल महाजन ने बताया कि डाक सेवक औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 की धारा 22 व उप धारा एक के तहत अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी हड़ताल शांतिपूर्वक चलेगी। इस दौरान संघ के उप प्रधान किशन चंद, दुनी चंद, तिलक राज, भगवान दास और कैलाश चंद मौजूद रहे।
ये हैं मांगें
ग्रामीण डाक सेवकों को केंद्रीय कर्मचारियों का दर्जा दिया जाए
सातवें वेतन आयोग में ग्रामीण डाक सेवकों को शामिल करना
100 प्रतिशत अनुकंपा नियुक्ति जीडीएसके के मृतक परिवार दें
ग्रामीण डाक सेवकों का 50 फीसदी महंगाई भत्ता वेतन में शामिल
पार्ट टाइम कंटीजेंट कैजुअल कर्मचारियों का नियमितीकरण
1-1-2006 से वेतन का पुनर्निर्धारण डीए के साथ करें
