
बंजार (कुल्लू)। नगर पंचायत बंजार में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों का दुखदर्द बांटने बंजार पहुंचे जिला कांग्रेस अध्यक्ष बीएस ठाकुर ने कहा कि इस दुखद घड़ी में समूचे कुल्लू जिला के कांग्रेसी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। प्रभावित परिवारों से मिलने के बाद बीएस ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार कार्यालय में बंजार घाटी में चल रहे कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के चुनाव प्रचार की समीक्षा भी की। उन्होंने विरोधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अग्निकांड के बाद बंजार की भोली भाली जनता को विधायक के खिलाफ उकसाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद विधानसभा सत्र में बंजार वासियों की वर्षों पुरानी अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया है। दस वर्ष तक विस बंजार से भाजपा विधायक रहे खीमी राम शर्मा ने इस मांग को अपने कार्यकाल में पूरा क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने निर्णय लिया है कि बंजार सहित दस उपमंडल मुख्यालयों में साल 2014-15 में सरकार नये अग्निशमन केंद्र खोलेगी, जिस संबंध में प्रदेश सरकार ने 28 फरवरी को विधायक को पत्र लिखकर अवगत करवा दिया है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू के पूर्व प्रवक्ता दलीप विष्ट, नप कुल्लू उपाध्यक्ष गोविंद ठाकुर, बीसीसी बंजार के महासचिव मोती राम पालसरा, थर्वन पालसरा, पंस बंजार की अध्यक्ष प्रभा पालसरा, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष कृष्णा देवी, जिला महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शारदा कटोच, जोनल कांग्रेस कमेटी सराज के अध्यक्ष टीसी महंत, व्यापार मंडल बंजार के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, शहरी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तरसेम गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
