
संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में भारत परिषद की कार्यशैली पर एक खुली बहस आयोजित कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह बहस परिषद के लिये एक मौका होगी जहां वह पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ा सके।
पंद्रह सदस्यों वाले इस शक्तिशाली संगठन का भारत इस समय अध्यक्ष है। आज होने वाली इस बहस में ‘‘संभावित खामियों और सुधार’’ पर जोर दिया जायेगा।
पुरी ने कहा कि परिषद की कार्यशैली सिर्फ परिषद के सदस्यों को ध्यान में रखकर नहीं है। यह संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्यों के लिये है।
भारत का सुझाव है कि बहस में पारस्परिक संवाद और सहयोग तथा आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर सुरक्षा परिषद का क्षेत्रीय संगठनों और सैन्यबलों से संवाद पर जोर दिया जाये जिससे विचारों का आदान प्रदान और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।