लठियाणी बाजार में हवाई फायरिंग

लठियाणी (ऊना)। लठियाणी बाजार में वीरवार रात लगभग 11 बजे गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दी। इससे लोगों में अभी तक दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार नशे में धुत्त एक व्यक्ति ने रात को हवा में फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान यह शख्स खुद को एक राजनेता का खासमखास बता रहा था। इस घटना के दौरान लठियाणी के एक ढाबे के सामने खड़े लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग घटनास्थल से भाग गए। सुबह होने पर कुछ लोगों ने इसकी जानकारी पंचायत प्रधान महेंद्र सिंह को दी। पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना बंगाणा थाने में दी। बंगाणा पुलिस प्रभारी ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एक पुलिस दल का गठन कर उसे तुरंत घटना स्थल पर भेजा, लेकिन कोई भी व्यक्ति आरोपी के प्रभाव के चलते इसकी पुष्टि नहीं कर पाया। पंचायत प्रधान महेंद्र सिंह का कहना है कि हो सकता है कि उक्त व्यक्तिके पास राइफल का लाइसेंस भी न हो। जब इस संबंध में पुलिस थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार से बात की गई तो उन्हाेंने बताया कि स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान ने उन्हें टेलीफोन पर फायरिंग की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम घटना स्थल पर गई थी। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों सहित व्यापारियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। यदि कोई आरोपी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts