मांगें पूरी न की तो फिर उग्र होगा आंदोलन

कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल्लू इकाई के कर्मचारियों की बैठक में निगम प्रबंधन की तरफ से तय 48 घंटे की ड्यूटी रोटेशन का कड़ा विरोध किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि 48 घंटे की ड्यूटी की रोटेशन सही नहीं है। वर्क टू रूल के हिसाब से साप्ताहिक अवकाश भी तय नहीं किया है। इस कारण कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बस स्टैंड कुल्लू में आयोजित कर्मचारियों की बैठक में परिवहन कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर निगम प्रबंधन की तरफ से कोई कार्रवाई न होने पर रोष जताया गया।
बैठक में परिवहन निगम कर्मचारी संघ (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश शर्मा ने कहा कि निगम कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। कहा कि निगम प्रबंधन कर्मचारियों को आचार संहिता का बहाना बनाकर टालने का प्रयास कर रही है। मांगें पूरी न होने तक कर्मचारियों का संघर्ष जारी रहेगा और कर्मचारी वर्क टू रूल के हिसाब से ही काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र मांगें नहीं मानी गई तो कर्मचारियों का आंदोलन उग्र रूप धारण कर लेगा। बैठक में परिचालक संगठन के अध्यक्ष प्यारे लाल कश्यप, परिवहन मजदूर संघ के कुल्लू इकाई के प्रधान खेम सिंह, कुल्लू इंटक इकाई के प्रधान महिंद्र सिंह, सुमन कुमार, ओम प्रकाश, खेम सिंह, दिलबाग चंद, यशपाल मोदगिल, प्रदीप कुमार और चमनलाल मौजूद थे।

इन मांगों पर बिगड़ी है बात
एचआरटीसी कर्मचारी संघ, छह वर्ष पूरे चुके अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने, पंजाब के बराबर पे ग्रेड देने, डीए देने और रात्रि भत्ता शुरू करने की मांग कर रहा है।

Related posts

Leave a Comment