
कुल्लू। मायके में रह रही पत्नी का अपहरण करके उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाने पर एक व्यक्ति के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज किया गया है। मनाली थाना के तहत आने वाली उझी घाटी की एक महिला के बयान के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी करीब आठ वर्ष पूर्व प्रेम चंद के साथ हुई थी। लेकिन किन्हीं कारणों से वह मायके में ही रह रही है। बताया कि बीस नवंबर को वह पतलीकूहल में किसी काम से आई थी। इसी दौरान उसका पति प्रेम चंद गाड़ी में आया उसे जबरन उठा ले गया। महिला ने आरोप लगाया कि प्रेम चंद उसे गाड़ी मेें बिहाली सपनानी की ओर ले गया और उससे जबरन यौन संबंध स्थापित किए। आरोप है कि प्रेम चंद ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी की। महिला के चिल्लाने पर लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी गाड़ी में भाग निकला।
एएसपी संदीप धवल ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। पुलिस चौकी पतलीकूहल के प्रभारी राम लाल मामले की जांच कर रहे हैं।