नवनियुक्त मुख्य अध्यापकों में खलबली

ऊना। हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ और सीधी भर्ती के तहत नवनियुक्त मुख्य अध्यापकों में ठन गई है। कई नव नियुक्त हेडमास्टर वीरवार को मीडिया से संपर्क साधकर सफाई देते रहे। कुछ मुख्य अध्यापकों ने कहा कि उनकी भर्ती नियमों के अनुसार हुई है। कमीशन के बाद उन्हें पदों पर तैनाती मिली है। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ ने भर्ती में धांधली का आरोप लगाते हुए इसे रद करने की मांग कर डाली है। सीधी भर्ती के विवादों में आने से मुख्य अध्यापकों में खलबली मच गई है। सोलन जिले में तैनात मुख्य अध्यापकों की सूची लेकर घूम रहे संघ के पदाधिकारी कह रहे हैं कि उप शिक्षा निदेशकों के हस्ताक्षरों के बिना नियुक्ति को अवैध माना जाना चाहिए। यह नियुक्तियां चुनाव आचार संहिता लागू होने से कुछ दिन पहले ही आनन फानन में नियमों को ताक पर रखकर की गई हैं। मुख्य अध्यापकों का कहना है कि वे पूरे साक्ष्यों के साथ जल्द ही अपना पक्ष रखेंगे। संघ की ऊना इकाई के अध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि उनके पास भी धांधली के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य हैं। अभी और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Related posts