
कुल्लू। फनौटी पंचायत के विकास कार्यों में कथित गड़बड़झाले की जांच के बाद पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। इस मामले में 13 लोग आरोपी बनाए गए हैं। कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में तत्कालीन पंचायत प्रधान, उपप्रधान तथा एक भाजपा नेता का नाम शामिल है। मामले में आनी में तैनात तत्कालीन बीडीओ तथा जेई को भी आरोपी बनाया गया है।
आनी खंड की फनौटी पंचायत के कुछ पूर्व प्रतिनिधियों पर डबल हाजिरी तथा फर्जी बिल बनाकर लाखों रुपये हड़पने के आरोप लगे हैं। इस मामले में पंचायत के तत्कालीन सभी पंचायत प्रतिनिधियों, आनी भाजपा के पूर्व सचिव, बीडीओ और एक जेई सहित 13 लोगों के खिलाफ सरकारी धन को डकारने को लेकर 420, 467, 471, 409, 120 बी,आईपीसी की 13(2) के तहत मामला दर्ज है। 2010 के इस मामले की जांच एसडीएम आनी ने की थी। जांच के बाद पहले पंचायत प्रधान को सस्पेंड किया गया। बाद में उपप्रधान को भी पद से निलंबित कर दिया था। जांच में विकास खंड अधिकारी को भी जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद शिकायतकर्ता खेमराज ठाकुर ने कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश के बाद आनी पुलिस ने मामला दर्ज कर फिर इसकी जांच की। इसमें जांच का जिम्मा डीएसपी आनी को सौंपा था। आनी पुलिस ने इसमें 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें दो अधिकारियों ने बेल ले ली थी। बाद में कोर्ट से सभी आरोपियों को जमानत मिल गई थी। अब पुलिस ने जांच के बाद सभी तेरह आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।
जांच में कई अनियमितताएं उजागर
कुल्लू। जांच अधिकारी डीएसपी आनी संजीव भाटिया ने कहा कि फनौटी पंचायत के इस केस की जांच पूरी हो गई है। जांच में कई अन्य अनियमितताएं सामने आई हैं। यह सब चार्जशीट में शामिल की गई हैं।