च्वाई में आग से लाखों का सामान राख

आनी (कुल्लू)। क्षेत्र की च्वाई में एक दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जल कर स्वाह हो गया। हालांकि, लोगों ने मौके पर पहुंच कर आसपास के घरों को आग लगने से बचा लिया। इधर, हादसे में प्रभावित दुकानदार ने एक व्यक्ति पर शक जताते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। जबकि, आगजनी की घटना के बाद प्रभावित व्यक्ति को प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की मदद नहीं मिल पाई है। मिली जानकारी के अनुसार आनी खंड की च्वाई पंचायत के च्वाई में शुक्रवार रात दस बजे के बाद दिवान चंद की किराए की दुकान में अचानक आग लग गई। इससे दुकान में रखा लाखों का सामान जल कर राख हो गया। दिवान चंद बालकृष्ण शर्मा के मकान में किराए की दुकान चलाता था। दिवान चंद ने रेहड़ी से कारोबार शुरू कर अब दुकान डाली थी, जो उसके पूरे परिवार का पालन पोषण का आधार थी। थाना प्रभारी आनी रोहित मृगपुरी ने बताया कि पुलिस ने दिवान चंद की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इधर,आगजनी की इस घटना के बाद आनी में एक बार फिर अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग जोर पकड़ने लगी है। आनी में आग पर काबू पाने के लिए रामपुर से अग्निशमन की गाड़ियां भेजी जाती हैं, जिन्हें यहां पहुंचने में दो घंटे से भी अधिक का समय लगता है। तब तक सब कुछ जल कर राख हो गया होता है। इसके चलते लोग लंबे समय से क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग करते आ रहे हैं।

Related posts