विजय बिष्ट बने रामपुर भाजपा अध्यक्ष

रामपुर बुशहर। पूर्व में जिला परिषद सदस्य रहे विजय सिंह बिष्ट को रामपुर भाजपा का अध्यक्ष चुना गया है। शनिवार को कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए सर्वसम्मति से उन्हें इस पद की कमान सौंपी। भाजपा मंडल रामपुर के चुनाव रविवार को रखे गए थे। शनिवार से चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन कार्यकर्ताओं ने चुनावी पचड़े में न पड़ते हुए शनिवार को ही अपना अध्यक्ष चुन लिया। चुनाव प्रभारी अजय श्याम ने विजय सिंह बिष्ट को अध्यक्ष चुन लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शनिवार को इस पद के लिए 16 कार्यकर्ताओं ने नामांकन किया था। इसमें से केवल आठ के नामांकन पत्र सही पाए गए। इनमें से सात कार्यकर्ताओं ने आम सहमति जताते हुए विजय बिष्ट को अध्यक्ष चुना। इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में कर्म सिंह चौहान, संतोष, कुलवीर खूंद, टिकम सिंह, विजय शर्मा, जिया लाल जियान और केवल राम बुशहरी शामिल हैं। उन्होंने चुनाव में एकजुटता दिखाने के लिए कार्यकर्ताओं की तारीफ की और उम्मीद जताई कि विजय के नेतृत्व में रामपुर भाजपा न केवल मजबूत बनकर उभरेगी, बल्कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।
इधर, रामपुर भाजपा के नए अध्यक्ष विजय बिष्ट ने बताया कि वह जल्द ही कार्यकारिणी गठित करेंगे। कनिष्ठ एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और कार्यकारिणी में उचित संतुलन बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल संतोष नेगी को महासचिव, कुलवीर खूंद को राज्य प्रतिनिधि और जिया लाल जियान को जिला प्रतिनिधि चुना गया।

Related posts