
चंबा। जिला के आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवाएं दे रहीं 60 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमोशन मिलेगी। विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पदोन्नत होकर सुपरवाइजर बनेंगी। महिला एवं बाल विकास परियोजना विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पदोन्नति के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव पर मुहर लगते ही ये आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुपरवाइजर बनने जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश में 400 के करीब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पदोन्नत होंगी। चंबा जिला से 60 के करीब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमोशन मिलेगी। इसमें चुवाड़ी से सर्वाधिक 35 कार्यकर्ताओं को प्रमोशन मिलेगी। इसके अलावा पांगी से 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पदान्नोत होंगी। वहीं, 13 अन्य पदों पर जिला के विभिन्न स्थानोें में सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमोशन मिलने वाली है। इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पदोन्नति वरिष्ठता के आधार पर दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास परियोजना विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राम प्रकाश चौहान ने बताया कि जिला की 60 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमोट होकर सुपरवाइजर बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमोशन वरिष्ठता के आधार पर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि मौजूदा समय में जिला चंबा में 1422 आंगनबाड़ी और 46 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र चल रहे हैं। इन आंगनबाड़ी केंद्रों में 1400 से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रही हैं।
पदोन्नति के यह हैं नियम
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर बनाने के लिए 20 साल के सेवाकाल की अवधि मांगी गई है। इसके अलावा जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्ष 1975 से सेवाएं दे रही हैं उनकी शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास रखी गई है। वर्ष 1975 के बाद की कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर बनने के लिए जमा दो पास होना जरूरी है।