
धर्मशाला। वीरभद्र सिंह के करीबी युवा कांग्रेस नेता केवल सिंह पठानिया को वीरभद्र में निष्ठा और त्याग का तोहफा आखिर मिल ही गया। केवल सिंह पठानिया वीरभद्र सिंह की मौजूदा सरकार में कांगड़ा से किसी निगम के पहले वाइस चेयरमैन नियुक्त हुए हैं। छात्र राजनीति से सक्रिय सियासत में शामिल हुए केवल सिंह अपनी जुझारू छवि के चलते ही एचआरटीसी के उपाध्यक्ष पद पर काबिज हुए हैं। साथ ही वीरभद्र सिंह ने केवल को उपाध्यक्ष के पद से नवाज कर कांगड़ा में सियासी संतुलन भी साधा है।
जिला के वरिष्ठ नेता जीएस बाली को परिवहन विभाग सौंपने के बाद एचआरटीसी में केवल सिंह की बतौर उपाध्यक्ष नियुक्ति से दोनो खेमों का विभाग में दखल रहेगा। गौर हो कि एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष रहे केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर से पिछली मर्तबा कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ा था। लेकिन चुनाव में हारने के बाद वह इस दफा पांच साल तक विस क्षेत्र में सक्रिय रहे। लेकिन ऐन मौके पर पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया की एंट्री से उन्हें टिकट की दावेदारी छोड़नी पड़ी। लिहाजा केवल सिंह के त्याग पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उन्हें तोहफा दिया है। केवल सिंह की ताजपोशी से शाहपुर के कांग्रेसियों में खुशी की लहर है। उधर, केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार ने उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है वह उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंने इस ताजपोशी के लिए सीएम वीरभद्र सिंह का आभार जताया है।