कांग्रेस के बदले का देंगे माकूल जवाब: सत्ती

हरोली (ऊना)। भाजपा के 33वें स्थापना दिवस पर शनिवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सत्ती बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट ने भी शिरकत की। हरोली में कार्यकर्ताओं के साथ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ। सतपाल सत्ती ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि भाजपा ने कभी भी सिद्धांतों और विचारधारा के साथ समझौता नहीं किया है। भाजपा के लिए देश और प्रदेश के हित सर्वोपरि रहे हैं। भाजपा का जन्म संघर्षों के बीच नए रूप में हुआ है। पंडित नेहरू के मंत्रिमंडल में शामिल श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित का विचार सामने रखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के साथ जनसंघ का गठन किया। देश की एकता और अखंडता की लड़ाई को लड़ा। जनता पार्टी के बाद 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना की गई। भाजपा ने क्षेत्रवाद, जातिवाद और भाषावाद की राजनीति से हटकर देश के अंदर विकासवाद की राजनीति का अध्याय शुरू किया। जिसके कारण आज देश में भाजपा और भाजपा गठबंधन की सरकारें रिपीट हो रही हैं। जबकि कांग्रेस ने विचारधारा को त्यागकर इस देश में महंगाई, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता को जन्म दिया है। हिमाचल में भी कांग्रेस की सरकार जांच आयोग बनकर बदले की भावना से काम कर रही है। विकास का एजेंडा लेकर 2014 में केंद्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी। प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट ने कहा कि भाजपा ने देश में कांग्रेस की ओर से खड़ी की गई गलत व्यवस्था का विरोध करते हुए व्यवस्थाओं को देशहित में बदलने का प्रयास किया है। इस अवसर पर भाजपा नेता राम कुमार, मंडल भाजपाध्यक्ष जगजीत सिंह मनकोटिया, कुलविंद्र राणा, यशपाल राणा, ओंकार नाथ, राज ठाकुर, सत्या राणा, विनोद जोशी, पंचायत प्रधान सतीश ठाकुर, शेर सिंह गर्ग, जरनैल सिंह, जगपाल राणा, बीडीसी सदस्य अजय कुमार लवली, केवल सिंह, सरदार भाग सिंह, लखविंद्र, धर्मेंद्र राणा सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।

Related posts