और शमशानघाट पर ही कर डाला कब्जा

कुल्लू। मणिकर्ण घाटी की पुंथल पंचायत के लोगों ने एक व्यक्ति पर वन भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को पुंथल पंचायत के बाशिंदों ने प्रधान गोपाल कृष्ण की अगुवाई में डीसी कुल्लू शरभ नेगी को इस मामले पर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व और वन विभाग की लापरवाही के कारण शमशानघाट और वन विभाग की नर्सरी पर जबरन कब्जा हो रहा है।
प्रधान का कहना है कि पंचायत पुंथल के सात गांव बुहाड़, छाकना, शालग, डढे़ई, चनालदी और डूंखरा तथा ग्राम पंचायत जरी के गांव मतेऊड़ा और जरी गांव का एक ही शमशानघाट है। इस पर वन और राजस्व विभाग की लापरवाही से एक शख्स जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। बताया कि 1986 और 2000 में भी कब्जा करने की कोशिश की थी और मामला न्यायालय तक पहुंचा था। न्यायालय ने जनता के हक में फैसला सुनाया था। प्रधान ने बताया कि इस बार भी जबरन तारें तोड़कर कब्जा करने की कोशिश हो रही है। लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मौके पर प्रधान के साथ उपप्रधान मोती लाल, पूर्व प्रधान देवी राम, स्थानीय वार्ड पंच डीणे राम, ग्रामीण श्याम सिंह, पूर्ण चंद, गुलशन, भुपेंद्र सिंह, किरण कुमार, रोहितांश नेगी, धर्मचंद, कर्मचंद, लोत राम, पंकज, राम देव, चमन लाल, अभिषेक, घनश्याम, सुनील कुमार, राजू और बोधराज मौजूद रहे।

Related posts