एसडीएम को बंद मिले धान क्रय केंद्र

अंबेडकरनगर। धान व गन्ना क्रय केंद्रों पर कर्मचारियों द्वारा की जा रही मनमानी की शिकायतों पर मंगलवार को एसडीएम सदर कुमार प्रशांत ने विभिन्न क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सोनगांव व रामपुर सकरवारी धान क्रय केंद्र बंद पाया गया। इस पर दोनों क्रय केंद्रों के प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा बेवाना स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान चारों तरफ फै ली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए साफ सफाई के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बताते चलें विगत कई दिनों से जिले में स्थापित विभिन्न गन्ना व धान क्रय केंद्रों पर प्रभारियों व कर्मचारियों की मनमानी को लेकर किसानों द्वारा लगातार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा रही थी। प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने के चलते किसानों में व्यापक नाराजगी व्याप्त हो गई थी। बीते दिनों सोनगांव गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली को लेकर किसानों ने प्रदर्शन करते हुए जांच कराए जाने एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके अलावा चीनी मिल के समक्ष भी घटतौली को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया था। इसमें कई किसानों के विरुद्ध बाद में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
किसानों द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को एसडीएम सदर कुमार प्रशांत ने गन्ना सचिव राममिलन व मुख्य गन्ना प्रबंधक चीनी मिल अरविंद के साथ सोनगांव व बेवाना गन्ना क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों केंद्रों पर कोई कमी नहीं पाई गई। किसानों ने भुगतान के विषय में कई सवाल किए। इस पर गन्ना प्रबंधक ने बताया कि 24 दिसंबर तक बिक्री हुए गन्ने का भुगतान मिल प्रशासन द्वारा किसानों के खाते में भेज दिया गया है। इसके बाद एसडीएम सोनगांव रामपुर सकरवारी धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों पर ताला बंद मिला। इस पर उन्होंने दोनों केंद्रों के प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
श्री प्रशांत ने इस दौरान बेवाना स्थित कस्तूबा गांधी बालिका विद्यालय का भी जायजा लिया। यहां चारों तरफ फैली गंदगी देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से कुछ प्रश्न भी पूछे। छात्राओं द्वारा अधिकांश प्रश्नों के जवाब दिए जाने पर, उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

Related posts