
नादौन (हमीरपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नादौन के समीप गगाल गांव में वीरवार देर रात बारातियों को वापस ले जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस दुर्घटना में नौ लोग घायल हुए हैं तथा दो गंभीर रूप से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर के लिए रेफर किया गया है। घटना का कारण बस की तेज रफ्तार माना जा रहा है। नादौन पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
देस राज निवासी गरयाली बड़ा के पुत्र नीरज की बारात गरयाली से निकटवर्ती गांव अमलैहड़ गई थी। अमलैहड़ में रात को भोजन करने के उपरांत कुछ बाराती बस में सवार होकर वापस अपने घर गरयाली की ओर चल पडे़ लेकिन गगाल के निकट तीखे मोड़ पर हादसा हो गया।
घायल प्रेम लाल ने बताया कि बस चालक तेज रफ्तार से चल रहा था और जैसे ही मोड़ पर उसने ब्रेक लगानी चाही बस अनियंत्रित होकर एक तरफ टकराने के उपरांत दूसरी ओर सड़क किनारे साइन बोर्ड तथा पेड़ से टकराकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ भी जड़ समेत उखड़ गया। घटनास्थल पर अचानक चीख पुकार मच गई। जो लोग बाहर निकल आए, उन्होंने राह चलते अन्य लोगों की मदद से बारातियों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चार लोगोें को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें उपचार के पश्चात घर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी मूल राज ने बताया कि दुर्घटना में घायल 18 वर्षीय गोल्डी पुत्र राज कुमार तथा 25 वर्षीय मुनीष कौशल की टांगों की हड्डियों में गम्भीर चोट के चलते क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर भेजा गया है। जबकि गिरधारी लाल, गौरव, वरुण, प्रकाश, हरी चंद, प्रेम लाल, प्रिंस का इलाज नादौन अस्पताल में करवाया गया। सभी घायल गरयाली गांव के ही निवासी हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि बस को बस का परिचालक चला रहा था। बस चला रहे अश्वनी कुमार ने बताया कि चलते हुए अचानक बस में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। थाना प्रभारी मूल राज ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।