
भुंतर (कुल्लू)। बंजार भाजपा की बैठक में हार का मुख्य कारण भितरघात बताया गया। शनिवार को भुंतर में बंजार विधानसभा के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समीक्षा बैठक कर हार पर चरचा की। बैठक में बंजार विस सीट से भाजपा प्रत्याशी खीमी राम शर्मा सहित सभी 122 पोलिंग बूथों के पदाधिकारियों ने शिरकत की।
बैठक में करीब तीन घंटे तक हार के कारणों पर मंथन चला। कार्यकर्ताओं ने हार को स्वीकार करते हुए कहा कि विरोधियों ने भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार किया और बेबुनियाद आरोप लगाकर मतदाताओं को गुमराह। कार्यकर्ताओं के अनुसार पार्टी के ही कुछ लोगों ने विश्वासघात कर भाजपा की नैय्या को डुबोया।
पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव में दुष्प्रचार करने वालों और भितरघात करने वालों पर कार्यवाही की भी वकालत की। बैठक में बंजार भाजपा के मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर, पंचायत समिति बंजार की अध्यक्ष किरणा ठाकुर, भाजपा महामंत्री नेत्र ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य भी मौजूद रहे।
लोगों के नकारने का
कारण जानेंगे : खीमी
कुल्लू। पूर्व मंत्री खीमी राम ने कार्यकर्ताओं को ही अपनी पूंजी बताया और जोशीले तरीके से चुनाव के दौरान पार्टी के लिए कार्य करने पर उनका आभार भी व्यक्त किया। दावा किया कि बंजार को विकास के शिखर पर पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि दलगत, जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति से ऊपर उठकर आम लोगाें के लिए कार्य किए। खेद जताया कि भारी विकास के बाद भी बंजार सीट पर भाजपा को जीत नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि जनता ने किन कारणों से भाजपा को नकारा है इसका बारीकी से अध्ययन किया जाएगा।