
मंडी। सदर के विधायक अनिल शर्मा को प्रदेश मंत्रिमंडल में लिए जाने को हाईकमान की हरी झंडी मिल गई है। धर्मशाला में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन अधिवेशन के बाद उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है। इधर, सदर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात कर उनका आभार जताया। अनिल शर्मा को पहले ही दौर मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी, मगर प्रथम चरण में मंत्रिमंडल में शामिल न किए जाने से सदर के मतदाताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारी मायूसी हुई। हालांकि, अनिल शर्मा को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाए जाने की भी चर्चा थी, मगर अनिल शर्मा ने विस उपाध्यक्ष बनने से इंकार कर दिया। पूर्व मंत्री पं. सुखराम और अनिल शर्मा ने दिल्ली में हाईकमान के समक्ष अपना पक्ष रखा और मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने का दावा जताया। इधर, विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि दिल्ली राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात हुई, जिसमें उन्होंने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को हरी झंडी दे दी है। इस बारे में सोनिया गांधी ने अनिल शर्मा को मंत्री बनाए जाने को हरी झंडी दे दी है। अब केवल शपथ दिलाने की औपचारिकता बाकी है, जो संभवत: विधानसभा सत्र के बाद पूरी की जानी है। इधर, सदर विधानसभा क्षेत्र से पंडोह से कड़कोह तक के पंचायत प्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को शिमला में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री और सोनिया गांधी का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुंदन ठाकुर, जिला महासचिव रवि सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष राजकुमारी, नप अध्यक्ष सुशीला सोंखला, प्रताप राणा, टिकेश्वरी शर्मा, आशा वर्मा, गीता, चंपा शर्मा, लाभ सिंह समेत अनेक कार्यकर्ता शामिल थे। विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि दिल्ली राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात हुई, जिसमें उन्होंने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के संकेत दिए हैं।