अधिकारियों को धमकाने का आरोप

लठियाणी (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव वीरेंद्र कंवर ने क्षेत्र के विकास को तीव्र गति प्रदान करने में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। विधायक वीरेंद्र कंवर ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि कुटलैहड विस क्षेत्र को पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान विकास के शिखर पर पहुंचाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने की बजाए धमकाया जा रहा है। उन्हाेंने कांग्रेस नेताओं को चेतावनी दी है कि वह क्षेत्र में गलत परंपराओं को जन्म न दें अन्यथा कुटलैहड़ भाजपा उनका हर जगह विरोध करेगी। उन्हाेंने क्षेत्र में कांग्रेस के कुछ नेताओं पर कर्मचारियों को ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया।
कहा कि स्कूल प्रशासन स्कूलों को सियासत का अखाड़ा न बनाए और मर्यादा में रह कर कार्य करे। इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा अध्यक्ष सुरेश वाका, पूर्व भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, कमल बसाल, भाजयुमो अध्यक्ष मनीष ठाकुर, भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह, महामंत्री प्रवेश, मनोहर शारदा आदि शामिल रहे।

Related posts