
डरबन: डरबन में हो रहे भारत और दक्षिण के दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल शुरू हो चुका है। इससे पहले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के ‘सर’ रवीन्द्र जडेजा के 4 विकेटों और चायकाल के बाद की वर्षा ने भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे एवं अंतिम क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को कुछ राहत दे दी।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट पर 299 रन बना लिए हैं और वह भारत के 334 रन के स्कोर से 35 रन पीछे है। मैच के तीसरे दिन का खेल चायकाल के बाद वर्षा आने के कारण निर्धारित समय से 13.1 ओवर पहले समाप्त करना पड़ा। अपना आखिरी टैस्ट खेल रहे करिश्माई ऑलराऊंडर जैक्स कैलिस 224 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 78 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। उनके साथ नाइट वॉचमैन डेल स्टेन शून्य पर नाबाद थे।
भारतीय गेंदबाजों में सबसे प्रभावशाली लैफ्ट आर्म स्पिनर जडेजा रहे जिन्होंने कप्तान ग्रीम स्मिथ (47), अलवीरो पीटरसन (62), ए.बी. डीविलियर्स (74) और जे.पी. डुमिनी (28) को पैवेलियन भेजा। हाशिम अमला (3) को तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बोल्ड किया।
