
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के साथ सटे ब्राण मंदिर में दिन दिहाड़े चोरी करने आए चोर को लोगों ने रंगे हाथों धर लिया। पुलिस ने मंदिर के कारदार की शिकायत पर पकड़े आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिरघन नाग देवता के कारदार तेज राम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह और गांव के लोग मंदिर जा रहे थे तो मंदिर के करीब पहुंचकर देखा दरवाजा बंद था। लेकिन मंदिर का अंदर का दरवाजा खुला पड़ा था। मंदिर से देवता के सोने-चांदी के आभूषण और नाग देवता के चांदी के चिह्न गायब थे। इसी दौरान उन्होंने मंदिर के अंदर एक व्यक्ति को बैठा देखा। जब उसका नाम पता पूछा तो वह कुछ भी नहीं बता पाया। ग्रामीणों ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो उसके कब्जे से देवता के 32 चिन्ह बरामद किए गए। ग्रामीणों ने व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया है। गौरतलब है कि इसी मंदिर में पहले पैंतीस लाख की चोरी हो चुकी है।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में जिला कुल्लू में बीते दिनों हुई चोरी की वारदातों से भी पर्दा उठ सकता है। एसपी ने कहा कि मामले की छानबीन का जिम्मा पीएसआई राजेश कुमार को सौंपा गया है।
