बसों के शार्टकट ने बढ़ाई मुसाफिरों की मुश्किल

शिमला। लक्कड़ बाजार संजौली मार्ग पर बनाई गई ऑकलैंड टनल लोगों के लिए राहत की जगह आफत बनने लगी है। लोकल रूटों पर चलने वाली एचआरटीसी व प्राइवेट बसों के ऑकलैंड टनल से होकर चलने के कारण लौंगवुड व साथ लगते क्षेत्रों के सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इतना ही नहीं, राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी) की छात्राओं सहित कई निजी स्कूलों के छात्रों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
ऑकलैंड टनल बनने के बाद जहां ऊपरी क्षेत्रों को जाने वाली बसें शार्टकट से रवाना हो रही हैं, वहीं हजारों लोग बस सुविधा से महरूम हैं। एचआरटीसी व प्राइवेट लोकल बसें रूट जारी होने के बावजूद वाया लौंगवुड नहीं चल रही हैं। बसें न चलने के कारण लौंगवुड के अलावा भराड़ी, हरि निवास, कलेस्टन, दुधली, केलटी, पवाबो आदि क्षेत्रों के लोगों को बस सुविधा न मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इनके साथ ही आरकेएमवी और स्थानीय निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को बस सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा है। करीब पचास निजी व सरकारी बसों को वाया लौंगवुड चलनेे के निर्देश हैं। बावजूद इसके सिर्फ दस फीसदी बसें ही तय रूट पर चल रही हैं। मजबूरन लोगों को ऑकलैंड टनल तक पैदल पहुंचकर बसें पकड़नी पड़ रही हैं।

चालक-परिचालकों का तर्क
बस चालक-परिचालकों का तर्क है कि वाया लौंगवुड जाने से बसें जाम में फंस जाती हैं, जिससे समय बर्बाद हो जाता है। अगर अवैध पार्किंग के कारण जाम न लगे तो बसें ले जाने में कोई गुरेज नहीं है।

अवैध पार्किंग बनी सिरदर्द
ऑकलैंड टनल के आसपास अवैध पार्किंग सिरदर्द बन गई है। सैलानियों के वाहन, टैक्सियां और स्थानीय लोगों के वाहन सुबह से शाम तक सड़क किनारे खड़े रहते हैं। पार्किंग सुविधा के अभाव में यहां गाड़ियां खड़ी करना मजबूरी है।

प्रशासन से कर चुके हैं शिकायत
स्थानीय लोग बसों के वाया लौंगवुड न चलने को लेकर प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। स्थानीय अमरजीत शर्मा, मुकुल गौतम, अश्विनी कुमार, सार्थक सूद व अंकुश वैद्य का कहना है कि टनल बनने के बाद से समस्या पेश आ रही है। जिला प्रशासन को भी समस्या से अवगत करवाया गया है। कुछ दिन कार्रवाई होती है, उसके बाद फिर स्थिति जस की तस बन जाती है।

जाम के कारण बसें लौंगवुड में फंस रही हैं। लोगों की सुविधा के लिए बसों की आवाजाही वाया लौंगवुड सुनिश्चित की जाएगी।
– देवासेन नेगी
क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी

Related posts