गमगीन माहौल में दंपति का अंतिम संस्कार

भरवाईं (ऊना)। उपमंडल के तहत पड़ते रपोह मुचलयां गांव में रविवार को गमगीन माहौल में दंपति का अंतिम संस्कार किया गया। शादी के 17 साल बाद पत्नी को मार कर खुद इहलीला समाप्त करने वाले हरिचंद ने सबको झकझोर कर रख दिया। इस वारदात से हर आंख नम है। उनके तीनों बच्चे अनाथ हो गए हैं। रविवार को पुलिस की ओर से लाशों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार रविवार शाम गांव में किया गया। ग्राम पंचायत प्रधान उषा कालिया एवं अन्य ने बताया कि इस वारदात के बाद बच्चों के भविष्य की चिंता सभी को है। हरिचंद मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। दूसरी तरफ उसके भाइयों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। अंब थाना के अतिरिक्त प्रभारी कुलदीप राज शर्मा ने बताया कि शनिवार को देर हो जाने के कारण दोनों का पोस्टमार्टम रविवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में किया गया।

Related posts