हजारों लीटर पेयजल हो रहा व्यर्थ

धुसाड़ा (ऊना)। पेयजल व्यर्थ न गवाएं, शायद यह बात केवल आम लोगाें के लिए कही गई है। सिंचाई विभाग के लिए इसके कोई मायने नहीं हैं। घंडावल में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से घंडावल और पनोह गांव के लोगों की पेयजल समस्या को हल करने के लिए बनाया गया पेयजल टैंक लीक हो गया है। इसे बनाए अभी डेढ़ साल के करीब समय ही हुआ है। लेकिन, लीकेज की वजह से हर रोज हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है और प्रशासन सहित स्वयं आईपीएच विभाग इस बात से बेखबर है। लोगों का कहना है कि जब से टैंक बना है तब से ही यह लीकेज हो रही है। अब तक लाखों लीटर पानी व्यर्थ जा चुका है। गांव के वार्ड पंच राकेश कुमार का कहना है कि इस समस्या के बारे में कई बार विभाग के लोगों से मौखिक रूप से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक इसका कोई स्थाई हल नहीं निकला। यदि समय रहते टैंक की रिपेयर नहीं की गई तो आने वाले गर्मी के मौसम में लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ सकता है। इस मसले को लेकर एसडीओ अरविंद सूद का कहना है कि विभाग की ओर से मौके पर जाकर टैंक का निरीक्षण किया जाएगा। यदि लीकेज हो रही है तो उसे जल्द ही रिपेयर किया जाएगा।

Related posts