
आनी (कुल्लू)। जलोड़ी जोत में बर्फबारी से आनी-कुल्लू सड़क पर यातायात फिर ठप हो गया। जलोड़ी जोत में करीब सात सेंमी से अधिक ताजा बर्फ गिरी है। बर्फबारी के कारण आनी-कुल्लू सड़क तीसरी बार अवरुद्ध हुई है।
रविवार को सुबह से मौसम खराब रहने से ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। आनी के जलोड़ी जोत में सात सेंमी से अधिक ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से आनी-कुल्लू राजमार्ग पर यातायात फिर प्रभावित हुआ है। सुबह आनी से कुल्लू के लिए बसें गईं, लेकिन कुल्लू से आनी को कोई बसें नहीं आई। आनी-कुल्लू सड़क पर यातायात ठप होने से आउटर सिराज क्षेत्र की 58 पंचायतों का एक बार फिर कुल्लू जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क कट गया। इससे लोगों के सामने फिर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। अगर अधिक बर्फबारी हुई तो लोगों को कुल्लू जाने के लिए फिर से वाया मंडी होकर सफर करना पड़ेगा। आनी की लझेरी पंचायत के प्रधान बेली राम ठाकुर ने कहा कि एकाएक मौसम खराब होने से क्षेत्र के भीतर ठंड का भी प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सड़क बंद होने से लोग मुश्किलों से घिर गए। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ केएल सुमन ने कहा कि मौसम साफ होते ही जलोड़ी में बर्फ हटाने का काम शुरू किया जाएगा। जल्द से जल्द सड़क को बहाल किया जाएगा।
