
पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से 22 से 24 नवंबर तक हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं। मैदानों में कोहरा पड़ने का सिलसिला जारी रहा। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। पहाड़ों में ठंड बढ़ने से ग्लेशियर जमने लगे हैं। बारिश-बर्फबारी न होने से कई इलाकों में सूखे के हालात हैं। नदी-नालों में जलस्तर घटने से जोगिंद्रनगर में हिमाचल की 66 मेगावाट पन विद्युत बस्सी परियोजना और पंजाब राज्य विद्युत बोर्ड की 110 मेगावाट की शानन विद्युत परियोजना में विद्युत उत्पादन गिर गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 23 नवंबर को लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिले के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। बिलासपुर और सुंदरनगर में 23 व 24 नवंबर को कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। बुधवार सुबह सुंदरनगर और मंडी में कोहरे से दृश्यता 500 मीटर तक रही।
