
रामकृष्ण परमहंस आश्रम की संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। देर रात ब्रह्म समाज के अनुयाई रामकृष्ण परमहंस के मंदिर में पहुंच गए और प्रवचन सुनने के बाद वहां से हटने को तैयार नहीं हुए। इससे दोनों पक्षों में माहौल तनावपूर्ण हो गयाष मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात हो गया। रामकृष्ण परमहंस के अनुयायियों के मुताबिक ब्रह्म समाज के अनुयायियों ने मौके पर कलश स्थापना करने की कोशिश की जिसको लेकर उन्होंने आपत्ति दर्ज करवाई।
वहीं, मौके पर एबीवीपी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन देर रात करीब 1:00 बजे एक पक्ष की ओर से महिला ने दूसरी और बैठे लोगों पर कुर्सी से हमला कर दिया। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गमलों और पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें अनुयायियों समेत पुलिस कर्मियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर हालात को संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों के लोग मानने को तैयार नहीं थे। दोनों ओर से हुए विवाद में मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है। मामले में दो पुलिस कर्मियों समेत कई अनुयायियों को चोटें आईं हैं। घायलों का उपचार आईजीएमसी अस्पताल में चल रहा है।
