हिमाचल प्रदेश विश्वविधालय में वीसी पद के लिए पांच नाम शॉर्टलिस्ट, गवर्नर लेंगे अंतिम फैसला

हिमाचल प्रदेश विश्वविधालय में वीसी पद के लिए पांच नाम शॉर्टलिस्ट, गवर्नर लेंगे अंतिम फैसला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति के चयन के लिए मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन में साक्षात्कार लिए गए। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार रामसुभग सिंह की अध्यक्षता में चयन कमेटी ने 22 आवेदकों के साक्षात्कार लेकर पांच नाम शाॅर्टलिस्ट किए। नामों को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को भेजा गया है। अब राजभवन कुलपति के चयन को लेकर फैसला लेगा।  इसी माह एचपीयू को कुलपति मिलने के आसार हैं। रामसुभग सिंह की अध्यक्षता में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह और गोरखपुर से पूर्व कुलपति प्रो. सुरेंद्र कुमार दुबे, राज्यपाल के सचिव चंद्र प्रकाश वर्मा ने चंडीगढ़ में 18 उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए।

चार ने ऑनलाइन साक्षात्कार दिया। एचपीयू से दस प्रोफेसर दौड़ में शामिल हैं।   मंगलवार को डॉ. महावीर सिंह, प्रो. सुरेंद्र कुमार नारटा, प्रो. अपर्णा नेगी, प्रो. एसएस कंवर, प्रो. कमलजीत सिंह, डॉ. रघुविंद्र सिंह, प्रो. ममता मोक्टा, प्रो. जोगिंद्र सिंह, डॉ. मनु सूद, डॉ. अमरजीत सिंह ने साक्षात्कार दिए। यूपी से प्रो. अजय कुमार शुक्ल, प्रो. विजय कुमार, डॉ. सत्य प्रकाश पांडेय, प्रो. सुधीर अवस्थी, प्रो. मुकेश पांडेय और डॉ. तेज प्रताप सिंह ने साक्षात्कार दिए। हरियाणा से डाॅ. मोहिंद्र सिंह और डॉ. राजकुमार, राजस्थान से अनिल माथुर, दिल्ली से प्रो. विजिता अग्रवाल, चंडीगढ़ से प्रो. देवेंद्र सिंह, राजीव कुमार पुरी ने साक्षात्कार दिए।  
मार्च 2022 से नहीं है नियमित कुलपति   
एचपीयू में दो साल सात महीने बाद नियमित कुलपति की नियुक्ति की कवायद शुरू हो गई है। मार्च 2022 से केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति प्रो. एसपी बंसल यहां का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे हैं। राज्यसभा सांसद बनने के बाद पूर्व कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार ने ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी।

Related posts