
हिमाचल पुलिस होगी हाईटेक बताएगी किस नशे की ओवरडोज से मौत हुई, अब इसका खुलासा दो मिनट में एबोन किट से होगा। शिमला पुलिस ने नशे से होने वाली मौतों की जांच के लिए एबोन 10 पैनल ड्रग टेस्ट किट खरीदने का फैसला लिया है। इस किट से दो मिनट में पता चल जाएगा कि मरने वाले ने किस नशे का सेवन किया था। यह भी पता चलेगा कि मौत नशे से ही हुई या नहीं।
दस प्रकार के नशे के सेवन का लग सकता है पता
एबोन किट दस प्रकार के नशे के सेवन का पता लगा सकती है। इनमें शराब, भांग, अफीम, हेरोइन, चिट्टा और मॉर्फिन समेत विभिन्न प्रकार की प्रतिबंधित दवाइयां शामिल हैं। वर्तमान में जिला पुलिस के लिए चिट्टे के बढ़ते प्रचलन को रोकना चुनौती बना है। पिछले एक साल में चिट्टे के साथ 1,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस ने एबोन 10 पैनल ड्रग किट खरीदने का निर्णय लिया है। किसी भी संदिग्ध मौत पर इस किट को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव को ले जाने के साथ ही लेकर जाएगी। इससे दो मिनट में ही नशे के सेवन की जानकारी मिल सकेगी। – संजीव गांधी, एसपी, शिमला
