
हिमाचल प्रदेश आईटी विभाग आपदा में प्रभावित लोगों को त्वरित मदद देने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस विशेष प्रकार के ड्रोन खरीदेगा। यह ड्रोन आपदा में कारगर साबित होंगे। इन विशेष ड्रोन में डाटा संग्रह, जीपीएस ट्रैकिंग, 3-डी मैपिंग, हवाई सर्वेक्षण निगरानी के रूप में सुरक्षा उपाय करने की क्षमता होगी। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें न होने पर वाहन वहां पहुंच नहीं पाते हैं और हेलिकॉप्टर का अधिक खर्च नहीं उठाया जा सकता है, वहां पर यह ड्रोन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आईटी विभाग का कहना है कि प्रदेश में ड्रोन को उचित स्थान तक सुरक्षित पहुंचाना बड़ी चुनौती रहती है। ऐसे में अभी 10 किलोग्राम भार उठाने वाले ड्रोन ही लिए जाएंगे। इस बारे में आईटी विभाग के निदेशक नरेंद्र कुमार ने कहा कि आपदा प्रभावित को त्वरित मदद को लेकर ड्रोन लिए जा रहे हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में इनके ट्रायल जल्द होंगे, अभी लोकेशन तय नहीं हुई है।
आपदा में मददगार साबित हो रहे हैं ड्रोन
