
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर पुलिस ने सालों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पीओ सेल की टीम ने इस अपराधी को भुंतर (कुल्लू) से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक अर्जुन देव (40) निवासी मझेड़ा तहसील जयसिंहपुर 1999 में मारंडा में नशे की हालत में ठाकुरद्वारा की ओर ट्रक लेकर जा कर रहा था। मारंडा बाजार के पास थोड़ी आगे खड़ी जीप को टक्कर मार दी। उस समय इस जीप से तीन लोग सामान उतार रहे थे। ट्रक की टक्कर लगते ही यह तीनों नीचे गिर गए और घायल हो गए। इस पर पुलिस ने मौके पर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और उसका मेडिकल करवाया गया था। मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि हुई थी। इसके चलते पुलिस ने वाहन एक्ट के तहत धारा 279, 337, 181, 184 व 185 के तहत मामला दर्ज कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद यह ट्रक चालक 1999 से न्यायालय से पेशी से गैरहाजिर रहने लगा। इस पर पालमपुर न्यायालय ने इसे भगोड़ा घोषित कर दिया। पालमपुर थाने की पीओ सेल टीम के प्रभारी हवलदार प्रकाश चंद की अगुवाई में राज कुमार, सुरेश कुमार व संतोष कुमार ने इस अपराधी को भुंतर से गिरफ्तार कर लिया है। पीओ सेल पालमपुर की टीम अब तक 16 भगोड़ों को गिरफ्तार कर चुकी है। थाना प्रभारी सरवन सिंह ने कहा कि पुलिस ने उद्घोषित अपराधी अर्जुन देव को गिरफ्तार कर लिया है।
