
भरमौर (चंबा)। सरकार के कार्य व नीतियों को घर द्वार तक पहुंचाने के लिए प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन दूरदराज की पंचायत तुंदा में किया गया। इसकी अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी ना. डा. जितेंद्र कंवर ने की। इस मौके पर औराफाटी, तुंदा, बडग्रां और दुर्गेठी चार पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम पर अधिकतर ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं व शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। इस मौके पर एसडीएम डा. जितेंद्र कंवर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान चार पंचायतों के 187 मामले सामने आए। इसमें अधिकतर मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। कार्यक्रम में एसडीएम डा. जितेंद्र कंवर ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं बारे भी लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर तुंदा पंचायत की प्रधान तिलक कुमार, बड़ग्रां पंचायत की प्रधान छेला देवी, तहसीलदार नीरज धीमान, तहसील कल्याण अधिकारी नरेंद्र जरियाल और अन्य उपस्थित थे।
अधिकारियों को जारी होंगे कारण बताओ नोटिस
ग्रामीणों को घर द्वार पर प्रशासन को पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार के कार्यक्रम में कुछ अधिकारियों की लापरवाही रोड़ा बनी है। इसे स्थानीय प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई करने का मन बनाया है। एसडीएम ने बताया कि जो जिम्मेवार अधिकारी प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में भाग नहीं ले रहे हैं, उनको कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।
