सफाई कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं

बिलासपुर। सिविल अस्पताल घुमारवीं में पिछले करीब तीन माह से सफाई कर्मचारियों को वेतन की अदायगी नहीं हुई है। वेतन नहीं मिलने के कारण इन कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने जिला श्रम अधिकारी को पत्र लिखते हुए न्यूनतम वेतन जारी करने की गुहार लगाई है।
सुपरवाइजर रमेश कुमार, सुदेश कुमारी, सत्या देवी, मीरा देवी, कौशल्या देवी, गोदावरी, कश्मीरी देवी, पम्मी राम ने संबधित ठेकेदार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें एरियर के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा भविष्य निधि का भी लाभ नहीं दिया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा उन्हें काम से निकालने की भी धमकी दी जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उनकी समस्या का समाधान किया जाए।
उधर, इस संदर्भ में जिला इंटक ने कदम उठाते हुए सफाई कर्मचारियों का शिकायत पत्र राज्य इंटक अध्यक्ष एवं चेयरमैन भवन एवं निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड बावा हरदीप सिंह को भेजा है ताकि जल्द समस्या का समाधान हो सके।
जिला इंटक अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों का शोषण सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बारे शिकायत श्रम अधिकारी से की गई है। ठेकेदार द्वारा इन कर्मचारियों को काम से निकालने की भी धमकी दी जा रही है। जिसे कभी भी सहन नहीं किया जाएगा।
ठेकेदार सितेंद्र कुमार ने कहा कि सभी कर्मचारियों को ईपीएफ काटकर वेतन की अदायगी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। दो माह के वेतन की अदायगी एक साथ की जा रही है। लेकिन कर्मचारी मार्च का वेतन भी मांग रहे हैं। जोकि अभी तक पूरा ही नहीं हुआ है।

Related posts