पांगी के विकास पर खर्च होंगे 29.36 करोड़

किलाड़ (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी उपमंडल में समीक्षा बैठक कार्यवाहक आवासीय आयुक्त पांगी संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई। संजीव कुमार ने बैठक में कहा कि वित्तीय वर्ष 2012-13 में पांगी उपमंडल में विभिन्न विकास कार्यों पर 29 करोड़ 36 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। इसमें अब तक 90 प्रतिशत व्यय सुनिश्चित कर लिया गया है। शेष 10 प्रतिशत का व्यय 31 मार्च तक कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत पांगी के विकास कार्यों पर 1 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 96 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। शेष 4 प्रतिशत का लक्ष्य भी 31 मार्च तक हासिल कर लिया जाएगा। बैठक में संजीव कुमार ने सभी विभागों के वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी भी एक सप्ताह के भीतर सरकार की ओर से निरधारित मापदंडों के अनुसार लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें। इस पर विषय वस्तु विशेषज्ञ ने 31 मार्च तक शेष धन को विकास कार्यों पर खर्च करने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान संजीव कुमार ने सभी कार्यालय अध्यक्षों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि अधिकरियों और कर्मचारियों का अवकाश एवं प्रवास कार्यक्रमों का ब्योरा भी शीघ्र प्रस्तुत करें। अन्यथा कोताही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्क कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Related posts