
कुल्लू। लाटरी का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने के मामले में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। केस के मुताबिक 18 अगस्त को पुलिस में दर्ज करवाई एफआईआर में लाहौल निवासी प्रेम चंद ने कहा था कि उसे किसी टेलीफोन पर राजेश नाम के एक व्यक्ति ने टेलीफोन पर सूचना दी थी कि उसे 25 लाख रुपए की ड्रा निकला है और उन्हें कस्टम ड्यूटी के तौर पर बैंक खाते में पैसे जमा करवाने के लिए कहा गया। उन्होंने बैंक में खाते में पैसे जमा कर दिए। जब शातिरों ने पैसे निकालकर अपने टेलीफोन बंद कर दिए तो थका हारा प्रेम चंद पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामले की तफ्तीश के लिए पीएसआई गौरव और सुनील को केस का जिम्मा सौंपा था और लंबी छानबीन के बाद जवसार निवासी कुंडूवैली जिला कोजीहकोडे (केरला) को गिरफ्तार किया है। एएसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया है। आरोपी ने कई ऐसे सुरागों का खुलासा किया है कि जिससे कुल्लू व अन्य प्रदेशों में हुई ठगी ठोरी के मामलों को सुलझाया जा सकेगा।
