बड़े-बड़े अर्थशास्त्री पर, बिगड़ी अर्थव्यवस्था

ऊना। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि वित्त मंत्री ने नई घोषणा की है कि ऐसे बैंक खुलेंगे, जिनमें महिला स्टाफ ही रहेगा। यह बैंक महिलाओं के लिए ही होंगे। लेकिन, हिमाचल प्रदेश में केसीसी बैंक में भाजपा सरकार ने पहले ही यह व्यवस्था करने का निर्णय लिया था। कांग्रेस सरकार आज भाजपा की ओर से अर्जित अवार्ड ले रही है। हिमाचल को कृषि क्षेत्र में मिला अवार्ड 2011-12 के लिए है, जो कुछ दिन पूर्व कांग्रेस सरकार ने लिया। प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और योजना आयोग के अध्यक्ष जाने माने अर्थ शास्त्री हैं और देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ती जा रही है। आम आदमी राहत की अपेक्षा कर रहा था, लेकिन राहत नहीं मिली। महंगा तेल, महंगा खाना, महंगा पेट्रोल और महंगी यात्रा ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पीएमजीएसवाई में भी कुछ राज्यों को ही शामिल करके केंद्र ने देश के साथ छल किया। धूमल ने आगे कहा कि रेल मंत्री को भी चाहिए था कि वे नंगल में बीबीएमबी के स्थान पर रेल मंत्रालय से संबंधित कोई बड़ा कारखाना स्थापित करते। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक विरेंद्र कंवर, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता सुमित शर्मा, अमृत लाल भारद्वाज, नवदीप कश्यप भी मौजूद रहे।

फोन टैपिंग में अधिकारी भी सजा के हकदार
प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए कांग्रेस फोन टैपिंग का ढिंढोरा पीटकर दशहत फैला रही है। जिन्होंने गैरकानूनी तरीके से फोन टैपिंग की है, उनके खिलाफ कार्रवाई हो। विजिलेंस और सीआईडी के जो अधिकारी इस रिकार्ड को सार्वजनिक कर रहे हैं, वे भी सजा के हकदार हैं।

Related posts