
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के चुरढ़ क्षेत्र में चोरों ने बीएसएनएल की करीब 550 मीटर केबल चोरी कर ली है। इसके कारण क्षेत्र के करीब तीस फोन बंद हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को चोरों ने चुरढ़ में दो स्थानों पर बीएसएनएल की करीब 550 मीटर तार चोरी कर ली। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने अपने फोन खराब होने की शिकायत की तो अधिक संख्या में शिकायत आने पर बीएसएनएल के अधिकारी मौके पर जांच को पहुंचे। जहां उन्होंने टेलीफोन में मेन केबल चोरी हुई पाई। इस पर कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी सुखराम ने सुंदरनगर पुलिस में चोरी का मामला दर्ज कराया। डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है।
