दियोटसिद्ध में पांच रिजर्व बटालियनें होंगी तैनात

दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। शक्तिपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र माह के मेलों को लेकर प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। मेले में पांच रिजर्व बटालियनें तैनात होंगी। प्रत्येक बटालियन में 25 जवान होंगे जो श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखेंगे। एक महिला कांस्टेबल बटालियन के अलावा 30 महिला होमगार्ड और 150 होमगार्ड जवान भी मंदिर परिसर में तैनात रहेंगे जो प्रत्येक संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। मंदिर परिसर में अलग-अलग जगहों पर लगे 16 सीसीटीवी कैमरे भी सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखेंगे।
इसके अलावा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग स्थापित हैं जिससे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ से बचा जा सके। कैंटीन नंबर 2 पर और अप्पर बाजार के आउट गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। हैंड मैटल डिटेक्टर भी जवानों को दिए जाएंगे। खुले में लंगर लगाने पर भी मनाही रहेगी। यात्रियों के ठहरने के लिए भी उचित प्रबंध हैं। इसके लिए न्यास के पास 9 सराय हैं। इनमें लगभग 60 कमरे और बड़े हाल हैं। ठंड से बचने के लिए श्रद्धालुओं को कंबलों की भी व्यवस्था है। इसके अलावा मेलों के दौरान खुले में हथियार लेकर चलने में भी पूर्ण पाबंदी रहेगी।
पुलिस उपाधीक्षक बड़सर लाल मन शर्मा ने बताया कि मेले के सफल आयोजन को पांच रिजर्व बटालियनों की मांग की गई है। इनमें महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक महिला कांस्टेबलों की बटालियन तैनात रहेगी। इसके अलावा 30 महिला होमगार्ड और 150 होमगार्ड जवान भी तैनात रहेंगे। मंदिर अधिकारी सूरज प्रकाश सोनी का कहना है कि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Related posts