
रोनहाट (सिरमौर)। शिक्षा खंड शिलाई के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्कूल अजरौली में दो शिक्षकों के नदारद रहने का मामला प्रकाश में आया है। स्कूल में कार्यरत सीएचटी व जेबीटी अध्यापक पिछले 11 दिनों से बिना किसी कारण नदारद बताए जा रहे हैं। इसके चलते स्कूल में पढ़ने वाले करीब पांच दर्जन बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
प्राथमिक स्कूल अजरौली के एसएमसी अध्यक्ष अमर सिंह सहित ग्रामीण किरपा राम, भीम सिंह, छुमा देवी व कमला देवी ने बताया कि यह दोनों शिक्षक बीती 15 फरवरी से स्कूल से बिना किसी लीव के नदारद हैं। यह स्कूल पिछले 11 दिनों से एक ही शिक्षक के सहारे चल रहा है जिस कारण स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
एसएमसी अध्यक्ष अमर सिंह ने बताया कि उन्होंने दोनों शिक्षकों के स्कूल से नदारद रहने की शिकायत बीपीईओ शिलाई को फोन के माध्यम से दे दी गई है जिस पर उन्होंने शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी मार्च माह में बच्चों की वार्षिक परीक्षा होने जा रही है और ऐसे में शिक्षकों का बिना किसी वजह से स्कूल से नदारद रहना स्कूली बच्चों की पढ़ाई के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने शिक्षा विभाग से दोनों शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है।
उधर इस संबंध में बीआरसी शिलाई रंगीलाल तोमर ने बताया कि शीघ्र ही इस बारे बीपीईओ शिलाई को अवगत करवा दिया जाएगा। स्कूल से नदारद शिक्षकों के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
